
47 साल बाद फिर अशुभ ग्रह-योग:मिथुन राशि में रहने के बाद मंगल वक्री होकर वापस आ गया वृष राशि में, आपदाओं की आशंका
मंगल ग्रह अब तक मिथुन राशि में था। लेकिन अब ये टेढ़ी चाल चलते हुए लौटकर एक राशि पीछे की ओर आ गया है। ये वृष राशि में 12 मार्च 2023 तक रहेगा। ज्योतिषियों का कहना है कि मंगल का इस तरह वक्री होकर राशि बदलना ठीक नहीं है। कई सालों में ऐसी स्थिति बनती है। ऐसा 46 साल पहले यानी 14 दिसंबर 1975 को हुआ था। उस समय झारखंड की कोयला खदान में पानी भरने से कई लोग मर गए थे। वहीं जनवरी 1976 में जर्मनी से उठे तूफान से यूके और अन्य देशों में बाढ़ आ गई थी। मंगल की चाल में हुए बदलाव के कारण ज्योतिषी फिर ऐसी आपदाओं की आशंका जता रहे हैं।
45 की बजाय 120 दिनों तक रहेगा वृष राशि में
मंगल अपनी सामान्य चाल के हिसाब से एक राशि में 45 दिन रहता है। लेकिन 10 अगस्त से 16 अक्टूबर तक 67 दिन वृष राशि में रहा। इसके बाद अब फिर इस राशि में आ गया और 12 मार्च तक यानी 120 दिन रहेगा।
किसी ग्रह के एक राशि में अपने तय दिनों से ज्यादा रहने की स्थिति को ज्योतिष में अतिचारी होना कहते हैं। मंगल का अतिचारी होना ठीक नहीं है। इससे देश-दुनिया में अनचाहे हालात बन सकते हैं।
