
छापेमारी अभियान में भांग, खैनी, गुटखा एवं पेन ड्राइव बरामद।।
आज सुबह बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में एक व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस छापेमारी का नेतृत्व उपायुक्त राँची, श्री राहुल कुमार सिन्हा, और वरीय पुलिस अधीक्षक, श्री चंदन कुमार सिन्हा ने किया। छापेमारी दल में पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री राजकुमार मेहता, अनुमंडल पदाधिकारी रांची सदर, श्री उत्कर्ष कुमार, पुलिस उपाधीक्षक श्री प्रकाश सोय, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री संजय कुमार, श्री जफर हसनात और 200 पुलिस जवान शामिल थे।
यह छापेमारी नियमित मासिक निरीक्षण के तहत की गई। इस दौरान जेल के सभी वार्डों और बैरकों की सघन जांच की गई। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस जवानों ने जेल के अंदर प्रत्येक वार्ड और सेल का गहन निरीक्षण किया।
छापेमारी के दौरान जेल में भांग, खैनी, गुटखा और एक पेन ड्राइव बरामद हुआ। इन वस्तुओं की बरामदगी के बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, अन्य किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
छापेमारी के दौरान जेल के रसोई, अस्पताल, मुलाकाती कक्ष, खेल का मैदान, पुस्तकालय, योग/ध्यान केंद्र, डेयरी, और साबुन बनाने की इकाई आदि का भी निरीक्षण किया गया।
