
केंद्रीय टीम के सदस्यों द्वारा खेतों का भौतिक निरीक्षण किया गया।।
गोड्डा:जिले में अल्प वर्षा के कारण उत्पन्न सुखाड़ की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा गठित अंतर मंत्रालयीय केंद्रीय टीम द्वारा आज पथरगामा प्रखंड के सोनारचक ग्राम एवं महगामा प्रखंड के घाट गम्हारिया स्थित नुनाजोर ग्राम का भ्रमण किया गया।
केंद्रीय टीम में ग्रामीण विकास के उप सचिव यू के नायर, पशुपालन और डेयरी के निदेशक वी आर ठाकरे एवं ड्रिंकिंग वाटर एंड सेनिटाइजेशन के अपर सलाहकार डी राजशेखर शामिल थे।
भ्रमण के क्रम में केंद्रीय दल द्वारा दोनों गांवों के पंचायत भवनों में स्थानीय ग्रामीणों एवं कृषकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। किसानों ने बताया कि कम वर्षा एवं सुखा के कारण खरीफ फसल विशेषकर धान की खेती पूरी तरह बर्बाद हो गई। पुआल नहीं होने के कारण मवेशियों का चारा भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। खेती एवं पशुपालन इस क्षेत्र में आजीविका का मुख्य स्रोत है। सुखाड़ के कारण खेती एवं पशुपालन कार्य दोनों को नुकसान पहुंचा है।
पंचायत भवन में किसानों से बातचीत के बाद केंद्रीय टीम के सदस्यों द्वारा खेतों का भौतिक निरीक्षण किया गया, जहां गंभीर सूखे की स्थिति पाई गई।
सुखाड़ से उत्पन्न समस्याओं के आकलन के पश्चात केंद्रीय टीम द्वारा जमीनी हकीकत पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार की तरफ से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा, जिला कृषि पदाधिकारी, पथरगामा एवं महगामा प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी व कर्मी भी उपस्थित थे।
