
गोड्डा : आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस-2023 को लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा एवं हेल्पेज इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में 15 वें वित्त आयोग द्वारा संचालित स्थानीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर गोढ़ी गोड्डा के द्वारा सायकिल यात्रा एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिसका थीम हेल्दी वुमेन हेल्दी इंडिया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष जितेंद्र मंडल एवं उपाध्यक्ष वेणु चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए नगर अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित रूप से महिलाओं की समाज में भागीदारी बढ़ी है। परंतु समाज में अब भी महिलाओं के प्रति सोच में बदलाव की काफी गुंजाइश है।खासकर बालिका शिक्षा एवं समाज में महिलाओं के साथ उत्पीड़न शोषण आदि के क्षेत्र में और अधिक काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के महत्व को देश ने स्वीकार किया है आज कई महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं अपनी सेवाएं दे रही हैं।झारखंड की पूर्व राज्यपाल आज देश की राष्ट्रपति महिला हैं, जिसे महिला सशक्तीकरण के तौर पर देखा जा सकता है।उन्होंने कहा कि महिलाएं जब अपना निर्णय स्वयं ले सकें, तभी महिलाएं सही मायने में सशक्त मानी जाएंगी।
उन्होंने महिलाओं से अपील की, कि वे निर्भीक होकर अपनी बातों और अपने विचारों को समाज के समक्ष रखें, साथ ही पुरुषों से भी अपील किया गया कि अपने घर,परिवार, समाज में महिलाओं को प्रोत्साहित करने, उनको आगे बढ़ाने में सहायक बने और सकारात्मक होकर दुनिया की आधी आबादी को उनका हक दिलाने में अपनी भूमिका निभाएं।उन्होंने कहा कि महिला विकास के लिए कई सरकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, इन योजनाओं का लाभ उठाएं..
इस अवसर पर उपाध्यक्ष वेणु चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सोच को लेकर आज बदलाव की जरूरत है। पुरुष प्रधान समाज में अब महिलाएं समान रूप से आगे बढ़ रही हैं।
गोड्डा में प्रशासन के शीर्ष पद पर कई महिलाएं जिला को नेतृत्व प्रदान कर रही हैं।उन्होंने कहा कि महिलाएं स्वयं निर्णय लें और समाज का नेतृत्व करें. खासकर समाज में महिलाएं एवं पंचायती राज संस्थाओं के चयनित जनप्रतिनिधि अपना निर्णय स्वयं लें, मौके का सदुपयोग करें।
महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए मौके पर उपस्थित जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा की गई।इस अवसर पर हेल्पेज इंडिया के कृष्णा जी जिला समन्वयक, आराध्ना ,शिम्पु अलबिना वंडर वुमेन , शैलपुत्री, प्रियंका ,किरण पुनप आदि को संम्मानित किया गया।
